अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: बोकारो जिले में प्रशासनिक फेरबदल के तहत शुक्रवार को नव पदस्थापित उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने अपना पदभार ग्रहण कर लिया। उपायुक्त अजय नाथ झा ने उन्हें विधिवत रूप से कार्यभार सौंपा और ईमानदारी, निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण करने के पश्चात शताब्दी मजूमदार ने कार्यालय में उपस्थित वरिष्ठ पदाधिकारियों और कर्मियों से मुलाकात की। इस दौरान सभी ने उन्हें अपने-अपने विभागों की संक्षिप्त जानकारी दी और परिचय साझा किया। मौके पर उपायुक्त ने आशा जताई कि नव उप विकास आयुक्त अपने प्रशासनिक अनुभव और दक्षता से जिले के विकास कार्यों में गति लाएंगी और योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारेंगी।
शताब्दी मजूमदार ने भरोसा दिलाया कि वे पूर्ण समर्पण के साथ जिले के विकास व जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता होगी और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका लक्ष्य रहेगा।
इस अवसर पर जिला प्रशासन के कई वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, चास अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढ़ांडा, जिला परिवहन पदाधिकारी वंदना शेजवलकर, डीसीएलआर प्रभाष दत्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, नोडल पदाधिकारी मनरेगा पंकज दूबे, परियोजना पदाधिकारी मानिकचंद प्रजापति समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
जानकारी के अनुसार, शताब्दी मजूमदार बोकारो जिले की 30वीं उप विकास आयुक्त बनी हैं। उनके कार्यभार संभालने से जिले में विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

