अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News : बकरीद पर्व को लेकर रांची जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क और तैयार है। इसको लेकर गुरवार को समाहरणालय स्थित उपायुक्त सभागार में जिलास्तरीय शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने की। बैठक में डीआईजी-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन सिन्हा, नगर पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार, नगर निगम की सहायक प्रशासक निहारिका तिर्की, बिजली-पेयजल विभाग के अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने पूर्व के अनुभव साझा करते हुए कई अहम सुझाव दिए। उन्होंने साफ-सफाई, कुर्बानी के अवशेषों के समय पर निपटान, बिजली-पानी की उपलब्धता और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उपायुक्त ने भरोसा दिलाया कि सभी सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा और नगर निगम, बिजली एवं जलापूर्ति विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि नगर निगम पर्याप्त मात्रा में वेस्ट डिस्पोजल वाहन की व्यवस्था करे, ताकि कुर्बानी के बाद उत्पन्न अवशेषों को समय पर हटाया जा सके। ग्रामीण इलाकों में भी विशेष ध्यान देने की बात कही गई। समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक में उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक ने शांति समिति की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि त्योहारों में समिति की सक्रियता से शहर में सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहता है। उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों से सतर्क रहें और कोई भी भ्रामक पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें।
डीआईजी चंदन सिन्हा ने कहा कि त्योहार के दौरान असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। पूरे शहर में सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की जाएगी और माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

