अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News: चान्हो थाना क्षेत्र के पिपराटोली गांव में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय नाबालिग अरुण उरांव की मौत हो गई। अरुण गांव के पास बहने वाली नदी किनारे बकरी चराने गया था, जहां वह अपने दोस्तों के साथ खेलने लगा। खेलते-खेलते वह एक पेड़ पर चढ़ गया, लेकिन पेड़ की एक डाली से बिजली का तार लटक रहा था, जो किसी किसान ने खेत में पटवन (सिंचाई) के लिए बांध रखा था। अरुण उसी तार की चपेट में आ गया और करंट लगते ही उसकी हालत गंभीर हो गई।
घटना के समय अरुण के दोस्त मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने शोर मचाया और ग्रामीणों को बुलाया। लोग तुरंत वहां पहुंचे और अरुण को पेड़ से नीचे उतारकर नजदीकी मिशन अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अरुण गांव के स्कूल में छठी कक्षा का छात्र था और पढ़ाई में होनहार था। उसकी अचानक हुई मौत से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग और प्रशासन से इस प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

