अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Jharkhand News: जमशेदपुर के आज़ाद नगर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 10 स्थित एक घर में 25 वर्षीय नवविवाहिता तराना तबस्सुम ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना गुरुवार शाम की है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। तराना पिछले कुछ दिनों से अपनी ननद के घर में रह रही थीं।
जानकारी के अनुसार, तराना की शादी हाल ही में 28 दिसंबर 2024 को हुई थी। उनके पति वर्तमान में दुबई में नौकरी कर रहे हैं। तराना का ससुराल और मायका दोनों ही कपाली क्षेत्र में हैं। गुरुवार शाम जब वह काफी देर तक अपने कमरे से बाहर नहीं आईं तो परिजनों को शक हुआ। कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो घरवालों ने दरवाजा तोड़ दिया।
कमरे के अंदर का दृश्य देखकर सबके होश उड़ गए। तराना ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सूचना मिलते ही आज़ाद नगर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया है।
घटनास्थल से किसी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारणों पर रहस्य बना हुआ है। तराना की बहन ने पुलिस को बताया कि वह शादी के बाद से बिल्कुल सामान्य जीवन बिता रही थीं और कभी किसी तनाव या परेशानी का ज़िक्र नहीं किया था।
पुलिस ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का लगता है, लेकिन इसे संदिग्ध मानते हुए सभी एंगल से जांच की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है।

