Ranchi : दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर झारखंड सरकार ने राज्य की महिलाओं को विशेष उपहार देते हुए मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना अंतर्गत सितंबर माह की सम्मान राशि का भुगतान किया है। इस योजना के तहत रांची जिले की कुल 3 लाख 87 हजार 584 महिलाओं के बैंक खातों में आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से प्रति लाभुक 2,500 रुपये की दर से कुल 96 करोड़ 89 लाख 60 हजार रुपये भेजे गए हैं।
यह राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में पहुंच चुकी है। जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को इसका लाभ दिया गया है। प्रमुख आंकड़ों पर नजर डालें तो कांके प्रखंड की 31,951 महिलाएं, माण्डर की 23,437 महिलाएं, सिल्ली की 21,403 महिलाएं, सदर शहरी क्षेत्र की 21,626 महिलाएं, और बेड़ो की 20,818 महिलाएं शामिल हैं। वहीं नगड़ी प्रखंड की 18,000 महिलाएं, ओरमांझी की 18,404 महिलाएं, और रातू की 18,822 महिलाएं भी योजना से लाभान्वित हुई हैं।
शहरी क्षेत्रों में अरगोड़ा की 12,165 लाभुक महिलाएं, हेहल की 15,463 महिलाएं, नामकुम की 9,195 महिलाएं, नगड़ी की 7,559 महिलाएं, और बड़कागाईं की 9,248 महिलाएं इस योजना का लाभ उठा रही हैं। इसी प्रकार बुढ़मू में 18,081, चान्हो में 19,939, तमाड़ में 18,714, सोनाहातू में 13,114 और ईटकी में 10,531 महिलाएं लाभान्वित हुईं।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल महिलाओं को त्योहार के अवसर पर आर्थिक मजबूती प्रदान करती है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की राह भी दिखाती है।
इस योजना से महिलाओं में उत्साह और विश्वास की भावना जगी है। दुर्गा पूजा जैसे पावन पर्व पर प्राप्त यह आर्थिक संबल न सिर्फ उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगा, बल्कि परिवार की खुशियों में भी चार चांद लगाएगा। सरकार का मानना है कि इस तरह की योजनाएं ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करेंगी।



