Ranchi News: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार सुबह देश के तीन प्रमुख शहरों—रांची, कोलकाता और मुंबई—में 750 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाले से जुड़े मामले में बड़ा एक्शन लिया। ED की टीमें इन शहरों के कुल 8 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर रही हैं। रांची में एक ही समय पर 6 स्थानों पर कार्रवाई की गई, जिनमें पीपी कंपाउंड स्थित कृष्णा अपार्टमेंट का एक फ्लैट भी शामिल है।

ED की टीमें सुबह-सुबह एयरपोर्ट रोड स्थित ED ऑफिस से रवाना हुईं और तयशुदा ठिकानों पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। कार्रवाई का यह दूसरा चरण है, जिसमें जीएसटी घोटाले से जुड़े और गहराई से जांच की जा रही है। इस घोटाले में अब तक फर्जी कंपनियों के जरिये फर्जी बिलिंग कर सरकार को भारी नुकसान पहुंचाने की बात सामने आई है।

सूत्रों के मुताबिक इस बार की छापेमारी शिव कुमार देवड़ा गिरोह से जुड़े नए लोगों को ध्यान में रखकर की जा रही है। इससे पहले ED ने घोटाले के पहले चरण में कोलकाता से शिव कुमार देवड़ा और जमशेदपुर से अमित अग्रवाल उर्फ विक्की भालोटिया समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया था। इनसे पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली थीं, जिनमें फर्जी बिलों के जरिये इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का गलत इस्तेमाल कर सरकार को करोड़ों रुपये का चूना लगाने की बात सामने आई थी।

जांच में यह भी पाया गया कि बिना किसी असल लेन-देन के, केवल कागजों पर व्यापार दिखाकर फर्जीवाड़ा किया गया। इन दस्तावेजों के आधार पर आईटीसी का लाभ उठाया गया, जिससे सरकार को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ। ED ने इन जानकारियों के आधार पर अब दूसरे चरण की छापेमारी शुरू की है, और इससे जुड़ी कई और गिरफ्तारियां संभव मानी जा रही हैं। फिलहाल, ED की टीमें डिजिटल रिकॉर्ड, दस्तावेज, कंप्यूटर और अन्य सबूत खंगालने में जुटी हुई हैं।

Share.
Exit mobile version