Jharkhand News: बोकारो के चंदनकीयारी स्टेडियम में 25 और 26 मई को आयोजित दो दिवसीय झारखंड सीनियर स्टेट एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पश्चिमी सिंहभूम जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में जिले को कुल पांच पदक प्राप्त हुए, जिनमें दो रजत और तीन कांस्य शामिल हैं।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन तुरी कांडेयांग ने 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, वहीं देवाशीष लोहार ने 110 मीटर बाधा दौड़ में रजत पदक अपने नाम किया। तुरी कांडेयांग ने 1500 मीटर दौड़ में भी कांस्य पदक जीता, जिससे उनका कुल पदकों में योगदान उल्लेखनीय रहा।

पदक विजेता खिलाड़ी इस प्रकार हैं:

  • तुरी कांडेयांग – 800 मीटर दौड़ – रजत पदक

  • तुरी कांडेयांग – 1500 मीटर दौड़ – कांस्य पदक

  • देवाशीष लोहार – 110 मीटर बाधा दौड़ – रजत पदक

  • सीता देवगम – 100 मीटर दौड़ – कांस्य पदक

  • लक्ष्मी पिंगुवा – लंबी कूद – कांस्य पदक

इस बेहतरीन प्रदर्शन पर जिलेभर में खुशी की लहर है। जिला ओलंपिक सह एथलेटिक्स संघ के सचिव अजय नायक ने खिलाड़ियों की मेहनत और जुझारूपन की सराहना की। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और सरकारी सुविधाओं की कमी के बावजूद जिले के युवा लगातार राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त कर रहे हैं।

सचिव अजय नायक ने सरकार से आग्रह किया कि जिले में आवासीय खेल केंद्र या डे-बोर्डिंग सेंटर की स्थापना की जाए, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, पोषण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें।

खिलाड़ियों की इस सफलता पर जिला एथलेटिक्स संघ की मुख्य संरक्षक जोबा माझी, विधायक जगत माझी, अध्यक्ष नितिन प्रकाश, उपाध्यक्ष निरज संदवार, तथा अन्य पदाधिकारियों और खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी।
संयुक्त सचिव काश्मीर कांडेयांग, ओंकार महतो, अर्जुन महाकुड, विजय वानरा सहित अनेक खेलप्रेमियों ने इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया।

Share.
Exit mobile version