अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : हिन्दपीढ़ी की दरगाही पंचायत द्वारा आगामी 16 दिसंबर को सामूहिक विवाह/निकाह सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन की तैयारी को लेकर हाल ही में खेत मोहल्ला स्थित हुसैनी मैरिज हॉल में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर की कई सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
इस वर्ष के सामूहिक विवाह में 40 जोड़ों का निकाह कराया जाएगा। अब तक 18 जोड़ों ने रजिस्ट्रेशन भी करवा लिया है। आयोजकों ने बताया कि निकाह में भाग लेने वाले दूल्हा-दुल्हन दोनों पक्षों से 3-3 हजार रुपये सहयोग राशि के रूप में ली जाएगी। इस आयोजन के लिए अब तक समाज के लोगों की ओर से 80 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग भी मिल चुका है।
दरगाही पंचायत की ओर से प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को फर्नीचर और बर्तन बतौर उपहार प्रदान किए जाएंगे, ताकि उनके नए जीवन की शुरुआत आसान हो सके। आयोजन का मकसद न सिर्फ आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की मदद करना है, बल्कि समाज में एकता और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना भी है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में समाज के हर वर्ग को चाहिए कि वह बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता दे। बच्चों को बेहतर भविष्य देने के लिए शिक्षा ही सबसे बड़ा हथियार है। दरगाही पंचायत पहले भी इस दिशा में कई कदम उठा चुकी है और इस वर्ष के सामूहिक विवाह सम्मेलन को भी शिक्षा के संदेश के साथ जोड़ा जा रहा है।
इस बैठक में समाज के कई प्रमुख लोग शामिल हुए, जिनमें मो. अनवर अंसारी, हाजी सरफराज आलम, क़ैसर आलम, इमरान खान, मोहम्मद वसीम, शमीम मास्टर, मो. शाहिद, सादिक़ आमीन, गुलाम मुस्तफा, एजाज़ अहमद, हाजी सलीम, ताजुद्दीन, अब्दुल मनान, मो. इम्तियाज़, अरमान खान, नाजिम अली, क़ैमुद्दीन ज़फर, मास्टर मोख्तार और मासूम अली प्रमुख रहे।

