अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
India News: दिल्ली का एक साधारण बाइक टैक्सी ड्राइवर, जो दिनभर सड़कों पर धूप-बारिश झेलकर घर चलाता है, अचानक ईडी की जांच के केंद्र में आ गया। वजह इतनी हैरान करने वाली कि खुद अफसर कुछ देर तक एक-दूसरे का चेहरा देखते रह गए — उसके बैंक खाते में आठ महीनों में 331 करोड़ रुपये जमा हुए थे।
ड्राइवर की रहने की जगह देखकर यह रकम तो किसी कहानी जैसी लगती थी। टूटी-फूटी झुग्गी, दो छोटे कमरे और न कोई महंगी चीज। पूछताछ में वह बार-बार कहता रहा — “साहब, मुझे तो पता भी नहीं ये सब कैसे हुआ।”
मनी लॉन्ड्रिंग का बड़ा नेटवर्क हुआ उजागर
ईडी की जांच में सामने आया कि यह खाता एक ‘म्यूल अकाउंट’ था — यानी ऐसा बैंक अकाउंट जिसे अपराधी अपनी पहचान छिपाने के लिए इस्तेमाल करते हैं। ड्राइवर ने सालों पहले आधार-पैन देकर खाता खुलवाया था, लेकिन उसे कभी चेक भी नहीं किया। जांच में पाया गया कि इस खाते में पैसे कई संदिग्ध सोर्स से आते थे और कुछ घंटों में ही अलग-अलग खातों में भेज दिए जाते थे। इनमें एक बड़ा हिस्सा अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप 1एक्सबेट से जुड़ा था, जिस पर ईडी पहले से ही बड़ी कार्रवाई कर रही है।
उदयपुर की शाही शादी का हाई-प्रोफाइल लिंक भी सामने आया
खाते से निकले पैसों में करीब एक करोड़ रुपये राजस्थान के उदयपुर स्थित एक पांच सितारा होटल में खर्च किए गए थे। यह खर्च एक भव्य डेस्टिनेशन वेडिंग पर हुआ था — जिसमें विदेशी डांस ट्रूप, बॉलीवुड सिंगर्स और हेलीकॉप्टर से फूल बरसाने तक का इंतजाम था।
सूत्रों का दावा है कि इस शादी का संबंध गुजरात के एक प्रभावशाली युवा राजनीतिक परिवार से है। ईडी इस परिवार को जल्द ही समन भेज सकती है।
विदेशी कनेक्शन: दुबई और सिंगापुर तक पहुंची रकम
डेटा की जांच में यह भी मिला कि रुपए विदेशों में भी भेजे गए। कुछ लेन-देन दुबई और सिंगापुर के खातों के जरिए किए गए, जिससे मामला और गंभीर हो गया। अब ईडी पूरे नेटवर्क पर एक-एक करके नकेल कस रही है — इसमें होटल मालिक, इवेंट कंपनी, राजनीतिक परिवार, सबकी पूछताछ होने वाली है। 1एक्सबेट केस में पहले ही शिखर धवन, सुरेश रैना, श्रेयस अय्यर और कुछ बॉलीवुड सेलेब्स की 200 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति अटैच हो चुकी है।

