अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) मुख्यालय, दरभंगा हाऊस डिस्पेंसरी में आयोजित तीन दिवसीय स्वास्थ्य जागरूकता अभियान का शनिवार को सफल समापन हुआ। यह कार्यक्रम सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराना था।
अभियान के दौरान गांधीनगर अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सफाई कर्मियों को व्यक्तिगत परामर्श दिया और उनकी स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया। साथ ही हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर और उच्च रक्तचाप जैसी महत्वपूर्ण जांच की गईं, ताकि लाभार्थियों की नियमित स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी जा सके। सभी को आवश्यकतानुसार नि:शुल्क दवाइयां भी प्रदान की गईं।
तीन दिनों तक चले इस कार्यक्रम में पहले दिन 57, दूसरे दिन 61 और अंतिम दिन 42 कर्मियों ने भाग लिया। कुल मिलाकर 160 सफाई कर्मियों ने स्वास्थ्य जांच और परामर्श का लाभ उठाया।
CCL प्रबंधन ने कहा कि इस तरह के अभियान न केवल सफाई कर्मियों में स्वास्थ्य के प्रति सजगता लाते हैं, बल्कि उनके जीवन की गुणवत्ता और कार्यक्षमता में भी सुधार करते हैं। कंपनी ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित कर कर्मचारियों के कल्याण को प्राथमिकता दी जाएगी।

