Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची के मेन रोड स्थित विश्वकर्मा लेन में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य कार्यालय में शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आरंभ हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का पहला सत्र मार्क्सवादी दर्शन पर केंद्रित रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए पार्टी के राज्य सचिव प्रकाश विप्लव ने कहा कि क्रांतिकारी विचारधारा के बिना कोई भी क्रांतिकारी परिवर्तन संभव नहीं है। इसलिए पार्टी के जनाधार को वैचारिक रूप से सशक्त बनाना समय की मांग है। उन्होंने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अब दुनिया एकध्रुवीय नहीं रही, बल्कि बहुध्रुवीय व्यवस्था की ओर बढ़ रही है। साम्राज्यवाद और समाजवाद के बीच का अंतर्विरोध और अधिक तीव्र हो रहा है।
उन्होंने चीन में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन में भारत की मौजूदगी का उदाहरण देते हुए कहा कि यह अमेरिका द्वारा लगाए गए व्यापार शुल्क की चुनौती के रूप में सामने आया है। इस संदर्भ में उन्होंने कार्यकर्ताओं को बदलते अंतर्राष्ट्रीय हालात की गहरी समझ विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
शिविर में पार्टी के पूर्व केंद्रीय कमिटी सदस्य अरुण मिश्र ने कार्ल मार्क्स के उद्धरण का जिक्र करते हुए कहा कि चेतना और पदार्थ दोनों ही अनादि काल से गतिशील हैं। कार्यक्रम में 19 जिलों से आए 107 नेतृत्वकारी कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रशिक्षण शिविर के दौरान कई अन्य सत्र भी आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत और संगठित करना है।



