अपनी भाषा चुनेें :
Bihar News: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार में गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीतामढ़ी जिले के परिहार और सुरसंड में दो जनसभाएं कीं। एनडीए प्रत्याशी गायत्री देवी (भाजपा) और नागेंद्र राउत (जदयू) के समर्थन में उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा- “यह माता जानकी की भूमि है, इसे नमन करना हर भारतीय का सौभाग्य है। जो राम का नहीं, वह हमारे किसी काम का नहीं।”
योगी ने कहा कि बिहार की जनता अब पहचान के संकट से निकल चुकी है और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि परिहार और गोरखपुर के बीच आस्था का रिश्ता हजारों साल पुराना है- “यह धरती राम और जानकी की साझा विरासत है।”
“जो राम का नहीं, वह बिहार के काम का नहीं”- विपक्ष पर सीधा वार
मुख्यमंत्री योगी ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस और राजद ने न केवल राम मंदिर का विरोध किया, बल्कि “रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं।” उन्होंने कहा- “वे कहते थे राम हुए ही नहीं। उन्होंने रथयात्रा रोकी, लेकिन हमने कहा था ‘राम लला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे’– और आज अयोध्या में भव्य मंदिर खड़ा है।”
योगी ने कहा कि अब माता जानकी की जन्मभूमि सीतामढ़ी में भी भव्य मंदिर का निर्माण शुरू हो चुका है और यह काम केवल एनडीए सरकार ही कर सकती है।
“माफिया राज खत्म होगा, बिहार बनेगा नया”
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी की तरह बिहार में भी माफिया राज का अंत होना तय है। “जो खानदानी माफिया हैं, उनकी उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। यूपी में माफिया पस्त हुए, अब बिहार में भी ऐसा ही होगा,” उन्होंने कहा।
योगी ने जनता से अपील की- “कमल और तीर के निशान पर बटन दबाइए, क्योंकि भाजपा-जदयू गठबंधन ही बिहार को विकास और सम्मान की राह पर ले जा सकता है।”
“मोदी सरकार ने बदली देश की तकदीर”
योगी ने अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि पिछले 11 सालों में देश की तस्वीर पूरी तरह बदल गई- 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 50 करोड़ को स्वास्थ्य बीमा, 12 करोड़ महिलाओं को उज्ज्वला योजना, 4 करोड़ को घर और 3 करोड़ को बिजली कनेक्शन मिले हैं।
उन्होंने कहा- “अब बिहार की बारी है- विकास चाहिए तो एनडीए को चुनिए, क्योंकि जो राम का नहीं, वो बिहार के किसी काम का नहीं।”

