Health News: ठंड बढ़ते ही आंखों में जलन, सूखापन और धुंधला दिखाई देने जैसी परेशानी आम हो जाती है। कई लोग इसे मौसम की सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन आयुष मंत्रालय का कहना है कि सही खानपान अपनाकर इन दिक्कतों से आसानी से बचा जा सकता है।
गाजर और चुकंदर बने सबसे जरूरी आहार
मंत्रालय ने सर्दियों में विटामिन ए, सी, ई और ओमेगा–3 फैटी एसिड वाले खाद्य पदार्थों को सबसे फायदेमंद बताया है। खासकर गाजर, जिसमें मौजूद बीटा-कैरोटीन आंखों की रोशनी बढ़ाने में मदद करता है और नाइट ब्लाइंडनेस से बचाता है। वहीं चुकंदर और पालक जैसी लाल-हरी सब्जियां आंखों की कोशिकाओं को पोषण देती हैं और तनाव कम करती हैं।
सर्दियों की हरी सब्जियां भी बेहद असरदार
मेथी, बथुआ, सरसों का साग और चौराई में मौजूद पोषक तत्व आंखों को मजबूत बनाते हैं। मंत्रालय ने सलाह दी है कि इन्हें रोजमर्रा के भोजन में शामिल किया जाए ताकि आंखों की नमी और चमक दोनों बनी रहें।
आंवला है सर्दियों का सुपरफूड
आंवला सर्दियों में आंखों के लिए किसी दवाई से कम नहीं माना गया है। रोज एक आंवला या एक गिलास आंवला जूस पीने से आंखों की चमक बढ़ती है और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत होती है।
त्रिफला और ड्राई फ्रूट देते हैं अंदरूनी मजबूती
सोने से पहले गुनगुने पानी के साथ एक चम्मच त्रिफला लेने की भी सलाह दी गई है। यह आंखों की अंदरूनी सफाई और पाचन दोनों ठीक करता है। ड्राई आई की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए बादाम, अखरोट और काले तिल बेहद लाभकारी हैं क्योंकि इनमें मौजूद ओमेगा–3 आंखों में नमी बनाए रखने में मदद करता है।
आयुष मंत्रालय का कहना है कि ठंड में सिर्फ देखभाल ही नहीं, सही भोजन भी नेत्र स्वास्थ्य के लिए उतना ही जरूरी है।



