अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi News: राजधानी के ग्रामीण इलाकों में एक बार फिर हाथियों का खौफ गहरा गया है। ताजा रिपोर्ट के अनुसार, ओरमांझी प्रखंड के नेवरी–ईरबा, बसती, बर्वे और डहु इलाकों में जंगली हाथियों के झुंड को देखा गया है। हाथियों की मौजूदगी की खबर फैलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। लोग अपने मवेशियों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित हैं। प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हाई अलर्ट जारी कर दिया है।
खेतों की ओर न जाएं, रात में रहें सतर्क
वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त रूप से अपील जारी कर ग्रामीणों को रात के समय अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी है। विशेष रूप से ईरबा और डहु के पास स्थित खेतों की ओर जाने पर पाबंदी लगाने को कहा गया है, क्योंकि अंधेरे में हाथियों का झुंड हिंसक हो सकता है। प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि हाथियों को देखने पर उन्हें चिढ़ाएं नहीं और न ही शोर-शराबा कर उन्हें उकसाने की कोशिश करें।
वन विभाग की टीम तैनात; अफवाहों से बचने की अपील
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को इलाके में तैनात कर दिया गया है। विभाग की टीम मशाल और अन्य उपकरणों के साथ हाथियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी लोगों से अपील की है कि वे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या वन विभाग को सूचित करें। फिलहाल पूरे ओरमांझी क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

