अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
दावोस/रांची। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) की वार्षिक बैठक में झारखंड ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भारत से पहले आदिवासी निर्वाचित नेता के रूप में दावोस में आयोजित इस प्रतिष्ठित वैश्विक मंच में शामिल हुए। झारखंड में उनके नेतृत्व में हो रहे परिवर्तनकारी विकास कार्यों और समावेशी दृष्टिकोण की सराहना करते हुए WEF की ओर से मुख्यमंत्री को प्रतिष्ठित व्हाइट बैज प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान झारखंड राज्य के लिए गर्व और गौरव का क्षण है।
व्हाइट बैज विश्व आर्थिक मंच द्वारा चुनिंदा वैश्विक नेताओं, राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों को दिया जाता है। इसके माध्यम से उन्हें WEF कांग्रेस सेंटर सहित सभी विशेष कार्यक्रमों में पूर्ण और समान प्रवेश का अधिकार मिलता है। इसी मंच पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों की भागीदारी भी प्रस्तावित है, जिससे इस सम्मान का महत्व और अधिक बढ़ जाता है।
WEF के वरिष्ठ प्रतिनिधियों शैलेश और अनूप ने मुख्यमंत्री को मंच के अध्यक्ष की मंशा से अवगत कराते हुए कहा कि विश्व आर्थिक मंच झारखंड के साथ दीर्घकालिक साझेदारी विकसित करने का इच्छुक है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा भेजे गए औपचारिक पत्र की सराहना करते हुए इसे राज्य की स्पष्ट विकास-दृष्टि और वैश्विक सहभागिता के प्रति गंभीर प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
बैठक के दौरान झारखंड और WEF के बीच क्रिटिकल मिनरल्स, समावेशी एवं रेज़िलिएंट समाज, जलवायु कार्रवाई और ऊर्जा संक्रमण जैसे अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। WEF प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को WEF साइट भ्रमण का आमंत्रण भी दिया।
यह सम्मान और संवाद वैश्विक मंच पर झारखंड की सशक्त होती पहचान और सतत, समावेशी विकास की दिशा में राज्य की मजबूत प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।

