India News: रेल यात्रियों के लिए एक ऐसी खबर आई है जिसे सुनकर आप अपनी अगली यात्रा की प्लानिंग अभी से शुरू कर देंगे। भारतीय रेलवे के इतिहास में अब ‘चेयर कार’ का दौर पीछे छूटने वाला है, क्योंकि देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन अगले सप्ताह से पटरी पर उतरने के लिए तैयार है। राजधानी दिल्ली के गलियारों से लेकर पूर्वोत्तर के गुवाहाटी तक इसकी चर्चा तेज है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इस आधुनिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

RAC का झंझट खत्म, अब सिर्फ ‘कन्फर्म’ टिकट पर ही होगा सफर!

इस ट्रेन की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली बात यह है कि इसमें आपको ‘एडजस्ट’ होकर सफर नहीं करना पड़ेगा। रेलवे ने साफ कर दिया है कि वंदे भारत स्लीपर में RAC (रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन) की कोई जगह नहीं होगी। अगर टिकट कन्फर्म है, तभी आप कोच के अंदर कदम रख पाएंगे। वेटिंग लिस्ट या आधा-अधूरा टिकट लेकर चलने वालों के लिए इस ट्रेन के दरवाजे बंद रहेंगे।

जेब पर थोड़ा असर, पर सुविधाएं वर्ल्ड क्लास

किराये की बात करें तो यह ट्रेन आपकी जेब पर राजधानी एक्सप्रेस से थोड़ी भारी पड़ सकती है। रेलवे ने इसमें ‘न्यूनतम दूरी’ का पेच फंसाया है, जिसके तहत आपको कम से कम 400 किमी का किराया तो देना ही होगा। थर्ड एसी के लिए ₹2.4, सेकंड एसी के लिए ₹3.1 और फर्स्ट एसी के लिए ₹3.8 प्रति किलोमीटर की दर तय की गई है। यानी कि सुख-सुविधाओं के साथ सफर का आनंद लेना है, तो थोड़ा प्रीमियम तो चुकाना ही पड़ेगा।

130 की रफ़्तार और सुरक्षा का ‘कवच’

16 डिब्बों वाली यह ट्रेन 130 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से गुवाहाटी और हावड़ा के बीच की दूरी को नापेगी। ट्रेन के अंदर का नजारा किसी लग्जरी होटल से कम नहीं होगा। झटकों से बचाने के लिए बेहतर सस्पेंशन, शोर कम करने वाली तकनीक और ट्रेन को टकराने से बचाने वाला ‘कवच’ सिस्टम इसमें तैनात है। तो बस तैयार हो जाइए, क्योंकि अब भारतीय रेल में सोने का अंदाज बदलने वाला है!

इस खबर को भी पढ़ें : देश की पहली स्लीपर वंदेभारत अक्टूबर से दौड़ेगी, बिहार चुनाव से पहले बड़ा तोहफ़ा

Share.
Exit mobile version