Bihar News: वैशाली जिले के पकौली में सोमवार देर रात रिटायर्ड बिजली कर्मी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रखंड महासचिव शिव शंकर सिंह (RJD Leader Murder) की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रात करीब 11 बजे की है, जब शिव शंकर अपने पुराने घर भैरोपुर से पकौली में बने नए घर जा रहे थे।
परिजन बोले- किसी से नहीं थी दुश्मनी, एसआईटी का किया गठन
घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ चार गोलियां चलाई जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए। परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं थी। वहीं, इस घटना से इलाके में तनाव है और लोग कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
बिदुपुर थाना के एसएचओ ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या का मकसद साफ नहीं हुआ है। अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर कर दिया स्थिति नियंत्रित में है। वहीं, शिव शंकर के परिजनों ने बताया कि वह रिटायरमेंट के बाद जमीन की खरीद-बिक्री का काम करते थे। उनका एक बेटा बैंक में मैनेजर है। पांच साल पहले उन्होंने पकौली में नया घर बनवाया था। उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। परिवार ने अपराधियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस बल तैनात
शिव शंकर सिंह राजद के सक्रिय प्रखंड महासचिव थे और उनकी हत्या ने बिहार की सियासत को गर्म दिया है। बता दें वैशाली में पहले भी राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसके कारण यह हत्याकांड राजनीतिक रंग ले सकता है। स्थानीय लोगों और राजद समर्थकों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। स्थानीय लोग और राजद कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वैशाली के एसपी ने कहा कि एसआईटी का गठन किया गया है जो जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लेगा।



