Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम जिला में गुरुवार को झारखंड यूथ कांग्रेस कमिटी ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन कर जिले की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। जिला अध्यक्ष नवनीत मिश्रा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में पूर्वी सिंहभूम के 42 अपग्रेडेड हाई स्कूलों की बदहाल स्थिति को प्रमुख मुद्दा बनाया गया। उन्होंने कहा कि अपग्रेड के महीनों बाद भी अधिकांश स्कूलों में पढ़ाई सुचारु रूप से शुरू नहीं हो सकी है। करीब 80 प्रतिशत स्कूलों में गणित, विज्ञान और अंग्रेजी के शिक्षक नहीं हैं, जबकि कई जगह भवन अधूरे हैं और बेंच-डेस्क, बिजली, पानी व शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी नदारद हैं।
नवनीत मिश्रा ने यह भी बताया कि लैब और लाइब्रेरी बंद रहने से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं इंटर में नामांकन को लेकर भी संकट गहराता जा रहा है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल की मैट्रिक परीक्षा में हजारों छात्र पास हुए, लेकिन जिले में सरकारी प्लस टू स्कूलों की संख्या घटकर तीन रह गई है, जिससे अधिकांश छात्रों को महंगे निजी स्कूलों की ओर जाना पड़ रहा है।
प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने निजी स्कूलों की फीस संरचना की जांच, आरटीई 2009 के तहत आरक्षित सीटों में पारदर्शिता और अपग्रेडेड स्कूलों में जल्द शिक्षक नियुक्ति की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।



