अपनी भाषा चुनेें :
Dhanbad : शुक्रवार को केंद्रीय कोयला सचिव विक्रम देव दत्त के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिले में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सचिव अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार (जेआरडीए) के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक करेंगे और बेलगड़िया पुनर्वास स्थल का भी निरीक्षण करेंगे। उनके कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को उपायुक्त आदित्य रंजन ने स्वयं बेलगड़िया पहुंचकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
उपायुक्त ने बताया कि झरिया के विस्थापित परिवारों को समुचित सुविधा और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी दिशा में बेलगड़िया में बहुमंजिला अपार्टमेंट जैसे आधुनिक आवास तैयार किए जा रहे हैं, जहां प्रभावित परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन मिल सके। यहां 24 घंटे बिजली-पानी, स्ट्रीट लाइट, सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि सुरक्षा के लिहाज से क्षेत्र में पुलिस टीओपी का निर्माण तेजी से हो रहा है। वहीं, आसपास की सभी महत्वपूर्ण सड़कों का चौड़ीकरण कर उन्हें फोर लेन में तब्दील करने की प्रक्रिया जारी है, जिससे आने-जाने में आसानी हो सके।
उपायुक्त ने पुनर्वासित युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि 20 ई-रिक्शा युवाओं को रोजगार-सृजन के तहत दिए जा चुके हैं। इसके अलावा युवाओं की अपेक्षाओं को समझते हुए भविष्य में अन्य स्वरोजगार योजनाएं भी शुरू की जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन ने बेलगड़िया में नवनिर्मित एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, स्किल डेवलपमेंट सेंटर, पुलिस टीओपी तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का दौरा किया। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि केंद्रीय कोयला सचिव के आगमन पर तैयारियां पूरी हों।

