अपनी भाषा चुनेें :
World News: आधुनिक जीवनशैली जहां सुविधाएं लाई है, वहीं उसने स्वास्थ्य के लिए नए खतरे भी पैदा किए हैं। डॉक्टरों का कहना है कि अभिभावक अक्सर अपनी जिम्मेदारियों के बीच खुद की सेहत पर ध्यान नहीं देते। गलत खानपान और तनाव उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर कर देते हैं, जिससे दिल, फेफड़े, पाचन तंत्र और ब्लड शुगर जैसे सिस्टम प्रभावित होते हैं।
संतुलित आहार से मिलेगी मजबूती
विशेषज्ञों का कहना है कि हरी सब्जियों, फलों, ओट्स, बाजरा, ज्वार और रागी जैसे साबुत अनाज को डाइट में शामिल करने से शरीर में ऊर्जा बनी रहती है और शुगर लेवल स्थिर रहता है। मछली, अखरोट और फ्लैक्स सीड्स में पाया जाने वाला ओमेगा-3 फैटी एसिड धमनियों को स्वस्थ रखता है और हार्ट अटैक का खतरा कम करता है।
छोटी-छोटी आदतें, बड़े स्वास्थ्य लाभ
रोजाना 30 मिनट की वॉक, योग या हल्का व्यायाम दिल और फेफड़ों को मजबूत बनाता है। पर्याप्त पानी पीना और पूरी नींद लेना शरीर की सूजन को घटाता है जबकि मेडिटेशन जैसी तकनीकें तनाव कम कर हार्मोन संतुलित रखती हैं। डॉक्टरों की सलाह है कि ब्लड प्रेशर, शुगर और लिपिड प्रोफाइल जैसी जांचें रूटीन में कराना बेहद जरूरी है ताकि बीमारियों को शुरुआती चरण में पकड़ा जा सके।
इन गलतियों से रहें सावधान
डॉक्टर चेतावनी देते हैं कि अत्यधिक नमक, पैकेट वाले फूड, अचार और चिप्स जैसे प्रोसेस्ड फूड दिल पर असर डालते हैं। मीठे पेय और सोडा ब्लड शुगर बढ़ाते हैं जबकि देर रात भारी खाना पाचन को बिगाड़ देता है। धूम्रपान और शराब तो स्वास्थ्य के सबसे बड़े दुश्मन हैं।

