Jamshedpur News: उलीडीह ओपी क्षेत्र में हुए चर्चित गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी सागर प्रसाद उर्फ पाजी और उसके सहयोगी हीरा यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया है और पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त पिस्टल और कारतूस भी बरामद किया है।

घटना जगदंबा होटल के पास शराब पीने के दौरान विवाद से जुड़ी थी। जानकारी के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि 21 वर्षीय युवक बंटी शर्मा पर सागर प्रसाद ने पिस्टल से गोली चला दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाके में सनसनी फैल गई थी।

बुधवार को एसएसपी ऑफिस में आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि विशेष टीम ने रोड नंबर 15, एनएच-33 के पास छापेमारी कर दोनों आरोपियों को दबोचा। हीरा यादव के दाईगुट्टू स्थित घर के बरामदे से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी सागर प्रसाद का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह साकची थाना कांड संख्या 105/2023 (आर्म्स एक्ट) में भी नामजद रह चुका है। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से इलाके में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगेगा। साथ ही, अन्य फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी जारी रहेगी।

Share.
Exit mobile version