Jamshedpur news: उलीडीह थाना से करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित पिंकी होटल के पास गुरुवार देर रात एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान उलीडीह रोड नंबर-5 के हयातनगर डिमना बस्ती निवासी सिराजुद्दीन अंसारी (35) के रूप में हुई है, जो जमशेदपुर में किराये के मकान में रहते थे।

परिजनों के अनुसार सिराजुद्दीन कांड्रा स्थित स्पेक्ट्रा सुपर एलॉयज लिमिटेड कंपनी में वाहन चालक के रूप में कार्यरत थे। गुरुवार रात काम समाप्त करने के बाद वे बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12 बजे उलीडीह क्षेत्र में किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। उलीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में सिराजुद्दीन को एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।

मृतक के छोटे भाई फयाज आलम ने बताया कि सिराजुद्दीन चार बच्चों के पिता थे और परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। वे मूल रूप से बिहार के छपरा जिले के रहने वाले थे। अचानक हुई इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है और स्थानीय लोग भी घटना से गहरे दुख में हैं।

Share.
Exit mobile version