Jharkhand News: झारखंड के कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र के पूर्णानगर गांव में गुरुवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। खेत के कुएं में गिरे डीजल पंप सेट को निकालने गए दो युवकों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान बहादुर राणा (30) और सुरेंद्र साव (32), दोनों पूर्णानगर निवासी के रूप में की गई है।
घटना रात करीब 9 बजे की है, जब दोनों युवक अपने खेत में पटवन के लिए उपयोग होने वाले डीजल पंप को निकालने कुएं में उतरे। उन्होंने रस्सी के सहारे अंदर उतरने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक बाहर न निकलने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ। जब लोग कुएं के पास पहुंचे, तो दोनों युवक बेहोश अवस्था में पाए गए।
इसके बाद वहां मौजूद चार अन्य लोग मदद के लिए कुएं में उतरे, जिन्होंने जैसे-तैसे उन्हें बाहर निकाला। बाहर आने के बाद उन्होंने बताया कि कुएं में पानी तो कमर तक ही था, लेकिन डीजल पंप से रिसी गैस के कारण अंदर दम घुटने जैसी स्थिति बन गई थी। इससे सांस लेना मुश्किल हो रहा था।
घायल युवकों को तत्काल 108 एम्बुलेंस के जरिए कोडरमा सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने बहादुर और सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। घायल कारू राणा का इलाज अभी अस्पताल में जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही नवलशाही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हादसे ने गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम पसरा है।



