Jharkhand News: झारखंड के खूंटी जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सायको थाना क्षेत्र के जिउरी करकरी नदी किनारे जंगल में छापेमारी कर पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन PLFI (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रूगड़ी गांव निवासी सोमलाल महली (26 वर्ष) और मारंगबुरू सारेकोचा गांव के साड़ मुंडा (25 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से एक देसी कट्टा, चार जिंदा गोली, PLFI का चार पर्चा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
इस संबंध में खूंटी के एसडीपीओ वरुण रजक ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों ने हाल ही में मुरहू थाना क्षेत्र के एक व्यापारी से PLFI के नाम पर चार लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। धमकी देते हुए उन्होंने व्यापारी को संगठन का पर्चा भी सौंपा था। इस घटना के बाद 11 अप्रैल को सायको थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
गुप्त सूचना के आधार पर रविवार को पुलिस को जानकारी मिली कि कुछ संदिग्ध करकरी नदी किनारे जंगल में अवैध हथियार के साथ अपराध की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गठित की गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नक्सलियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार नक्सलियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और 17 सीएलए एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और नेटवर्क की जांच में जुट गई है।



