Jharkhand News: झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक बार फिर नक्सलियों की कायराना हरकत सामने आई है। पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले के सारंडा के घने जंगल और पहाड़ी इलाके में शुक्रवार को नक्सलियों ने IED विस्फोट किया, जिसमें कोबरा 209 बटालियन के दो जवान घायल हो गए।

सूत्रों के अनुसार, झारखंड पुलिस और कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम सारंडा क्षेत्र में नक्सल सफाए के अभियान पर थी। अभियान के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाते हुए तात्कालिक विस्फोटक उपकरण (IED) लगाया था। जैसे ही टीम उस इलाके से गुजरी, जोरदार धमाके के साथ IED विस्फोट हुआ। इसकी चपेट में आने से दो जवान घायल हो गए।

घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अभियान सह पुलिस प्रवक्ता माइकल राज एस ने बताया कि घायल जवानों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रांची भेजा गया है। दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

सुरक्षा बलों ने घटना के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। आसपास के जंगल और पहाड़ी इलाकों को पूरी तरह घेरकर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि नक्सलियों को पकड़कर कानून के हवाले किया जा सके।

यह इलाका लंबे समय से नक्सलियों की गतिविधियों के लिए कुख्यात रहा है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार इस क्षेत्र में अभियान चला रही हैं, लेकिन नक्सली IED जैसे घातक हथियारों का इस्तेमाल कर सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते रहते हैं।

Share.
Exit mobile version