अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
गुमला: जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के आधार पंजीकरण को सुदृढ़ और तेज़ बनाने के उद्देश्य से आज महिला पर्यवेक्षिकाओं को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसमें जिले के सभी प्रखंडों से आई महिला पर्यवेक्षिकाओं ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान UIDAI से संबंधित तकनीकी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया गया। डीपीओ (UID) सैफुल्ला अंसारी द्वारा टैब आधारित चाइल्ड एनरोलमेंट क्लाइंट का हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण दिया गया। इसमें ऑपरेटर लॉगिन, बच्चे की डिटेल एंट्री, फिंगरप्रिंट स्कैनिंग तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं का लाइव डेमोंस्ट्रेशन किया गया, जिससे प्रतिभागियों को व्यवहारिक जानकारी मिल सके।
अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के आधार पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाना है। वर्तमान में जिले की 8 महिला पर्यवेक्षिकाओं का टैब आधारित चाइल्ड एनरोलमेंट क्लाइंट में सफलतापूर्वक ऑनबोर्डिंग पूर्ण कर ली गई है। इससे आने वाले समय में बच्चों के आधार पंजीकरण की गति में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान महिला पर्यवेक्षिकाओं ने तकनीकी प्रक्रियाओं से जुड़े प्रश्न भी पूछे, जिनका मौके पर समाधान किया गया। जिला प्रशासन का मानना है कि इस प्रशिक्षण से फील्ड स्तर पर कार्य की गुणवत्ता और दक्षता में सुधार होगा तथा अधिक से अधिक बच्चों को समय पर आधार से जोड़ा जा सकेगा।

