अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
गुमला/चैनपुर– चैनपुर थाना क्षेत्र के चौक-चौराहों पर मंगलवार को तंबाकू निषेध कार्यक्रम के तहत एक बड़ी कार्रवाई की गई, जिसमें दर्जनों दुकानों पर औचक छापेमारी कर गुटखा, सिगरेट और अन्य नशीले पदार्थ जब्त किए गए। यह अभियान प्रखंड विकास पदाधिकारी यादव बैठा, अंचल अधिकारी दिनेश गुप्ता और थाना प्रभारी कुन्दन चौधरी के संयुक्त नेतृत्व में चलाया गया।उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के आदेश पर चैनपुर प्रखंड मुख्यालय में गुटखा, तंबाकू, सिगरेट सहित सभी प्रकार के नशीले पदार्थों की बिक्री पर सरकार ने पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है। बीडीओ यादव बैठा ने बताया कि इस प्रतिबंध के बावजूद कई दुकानदार चोरी-छिपे इन प्रतिबंधित पान मसालों की बिक्री कर रहे थे।इसी को रोकने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान कुल दस दुकानों से जुर्माना वसूला गया और सभी दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि अगली बार छापेमारी में कोई दुकानदार बीड़ी, सिगरेट, तंबाकू या गुटखा बेचते हुए पाया जाता है, तो उस पर ₹10,000 का भारी जुर्माना लगाया जाएगा और कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।इस छापेमारी दल में बीडीओ यादव बैठा, सीओ दिनेश गुप्ता, थाना प्रभारी कुन्दन चौधरी, अंचल निरीक्षक मुनेश्वर सिंह और थाने के जवान शामिल थे। इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य दुकानदारों में हड़कंप मच गया है और यह उम्मीद की जा रही है कि इससे प्रतिबंधित पदार्थों की बिक्री पर लगाम लगेगी।

