Jharkhand News: पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। शुक्रवार को संभावित वारदात को अंजाम देने से पहले पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। ये सभी एक बैंक के पास संदिग्ध स्थिति में घूम रहे थे और रेकी कर रहे थे। पुलिस ने इनकी तलाशी के दौरान लोडेड देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की।
पकड़े गए युवकों की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के सतौआ गांव निवासी अंकेश भुइयां (25 वर्ष), कुलदीप कुमार (20 वर्ष) और लेस्लीगंज के अखौरीपतरा गांव के जितेन्द्र भुइयां (22 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
लेस्लीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) मनोज कुमार झा ने शनिवार को प्रेस को जानकारी दी कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ढेला चौक के पास ग्रामीण बैंक के आसपास कुछ युवक संदिग्ध गतिविधि कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जिसे देखकर तीनों युवक भागने लगे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें खदेड़ कर पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान जितेन्द्र भुइयां की कमर से एक लोडेड देशी पिस्टल बरामद की गई। उसके मोबाइल फोन में अवैध हथियार के साथ उसकी तस्वीरें भी मिलीं। कुलदीप कुमार के पास से एक पर्स मिला, जिसमें एक जिंदा कारतूस रखा हुआ था। इसके अलावा, घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल (जेएच03के2136) भी बरामद की गई।
एसडीपीओ ने यह भी बताया कि गिरफ्तार युवकों का पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तीनों युवक बैंक लूट की साजिश के तहत रेकी कर रहे थे। यदि समय रहते पुलिस कार्रवाई नहीं करती, तो बड़ी घटना हो सकती थी।
गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में लेस्लीगंज थाना प्रभारी राजू कुमार गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक अजय कुमार, जवान बबन यादव, धीरेन्द्र कुमार और गृहरक्षक चालक रेहान अहमद की अहम भूमिका रही।



