Bihar News: बिहार के कटिहार जिले से दुखद खबर सामने आई है, जहां बीएलओ सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत शिक्षक सत्यजीत कुमार सिंह की ब्रेनहेमरेज से मौत हो गई। वे कटिहार सदर प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय नीचा टोला, दलन पश्चिम पंचायत में 2014 से पंचायत शिक्षक के रूप में कार्यरत थे।

निर्वाचन आयोग द्वारा 26 जुलाई 2025 से राज्यभर में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत की गई थी, जिसके तहत सत्यजीत कुमार को बीएलओ पर्यवेक्षक के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था। परिजनों का आरोप है कि इस ड्यूटी के दौरान प्रखंड और जिला प्रशासन द्वारा अत्यधिक कार्य दबाव बनाया जा रहा था।

28 जुलाई को, ड्यूटी के दौरान कटिहार प्रखंड कार्यालय स्थित ट्रायसेम भवन में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें पहले घर और फिर कटिहार मेडिकल कॉलेज लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने ब्रेन स्ट्रोक की पुष्टि की और बताया कि यह मानसिक तनाव का परिणाम हो सकता है।

हालत बिगड़ने पर उन्हें कोलकाता के पीयरलेस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच में पता चला कि सेरेबेल्लम हिस्से में खतरनाक ब्लड क्लॉटिंग हो गई थी। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद 31 जुलाई की सुबह आठ बजे उनका निधन हो गया।

अब परिजन और शिक्षक संघ मिलकर जिला प्रशासन और निर्वाचन आयोग पर सवाल उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि शिक्षकों पर बिना पर्याप्त संसाधनों के अत्यधिक दबाव डाला गया, जिससे मानसिक और शारीरिक तनाव बढ़ा। वे परिवार को उचित मुआवजे और न्याय की मांग कर रहे हैं।

Share.
Exit mobile version