Hazaribagh : जिले की पुलिस ने एक नई सफलता हासिल करते हुए 1.5 करोड़ रुपये की चोरी के सनसनीखेज मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में पांच मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए सोना-चांदी के गहने, मोटरसाइकिल और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केरेडारी थाना क्षेत्र के कोदवे इलाके में छापेमारी की और मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपितों में रोहन कुमार, अंकित कुमार, सुमित गुप्ता, सन्नू कुमार और मुकेश कुमार शामिल हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कुलदीप सोनी के घर में घुसकर ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। उनके कब्जे से 264.5 ग्राम सोना, 444 ग्राम चांदी, सात मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल (जेएच02एवी-6061) बरामद की गई है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर आगे की कार्रवाई करते हुए राजेश सोनी और राहुल कुमार को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में से कई के आपराधिक रिकॉर्ड पहले से हैं।

मुख्य आरोपित मुकेश कुमार (28), ग्राम कुठान, थाना केरेडारी का निवासी है और पूर्व में लातेहार जिले में बाइक चोरी के मामले में जेल जा चुका है। वहीं सुमित गुप्ता पर बड़कागांव, कटकमदाग और हजारीबाग सदर थाना में कई चोरी के मामले दर्ज हैं। इसी तरह राजेश सोनी पर फर्जी सोना देकर बैंक से फंड निकालने का मामला दर्ज है।

छापेमारी अभियान एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में संचालित किया गया। इसमें बड़कागांव, केरेडारी, लोहसिंघना और एटीपीओ पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई शामिल थी।

एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि पुलिस अपराधियों के नेटवर्क की भी जांच कर रही है और जल्द ही चोरी के शेष सामान की बरामदगी की जाएगी। उन्होंने कहा कि हजारीबाग पुलिस अपराध पर नियंत्रण के लिए पूरी तरह सतर्क है और ऐसे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Share.
Exit mobile version