Jamshedpur News: जमशेदपुर की राजनीति में एक गहरी रिक्तता छोड़ते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता और सामाजिक न्याय के मजबूत स्तंभ राधे प्रसाद यादव का सोमवार सुबह टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई।

जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय स्वयं उन्हें देखने अस्पताल पहुँचे थे, लेकिन वहाँ जाकर पता चला कि राधे बाबू अब इस दुनिया में नहीं रहे। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा— “राधे बाबू नहीं रहे। सुबह 4 बजे उन्होंने संसार से विदा ले लिया। आधार स्तंभ ढहने जैसा खालीपन महसूस हो रहा है। अस्पताल जाकर उनकी स्मृति को प्रणाम किया। उनका योगदान अविस्मरणीय है।”

राजद नेता की अंतिम यात्रा सोमवार दोपहर 2 बजे एग्रिको स्थित आवास (L4-81, क्रॉस रोड नंबर-2) से स्वर्णरेखा बर्निंग घाट के लिए प्रस्थान करेगी।

राधे प्रसाद यादव दो बार (1995 और 2000) जमशेदपुर पूर्व विधानसभा से जनता दल के टिकट पर चुनाव लड़ चुके थे। उन्हें क्षेत्र की राजनीति में ईमानदारी, संघर्ष और नेतृत्व के लिए जाना जाता था। राजद के प्रदेश महासचिव सह पूर्वी सिंहभूम प्रभारी पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि “राधे प्रसाद यादव मेरे अभिभावक और राजनीतिक गुरु थे।” उन्होंने बताया कि 1990 से 2005 तक उनके नेतृत्व में युवा राजनीति ने नया मुकाम हासिल किया।

Share.
Exit mobile version