अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
चैनपुर : चैनपुर बरवे मैदान में अंडर-12 बालक एवं बालिका वर्ग की फर्स्ट लिटिल चैंप फुटबॉल प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ हुआ. इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का उद्घाटन किया, जिसमें बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद के महत्व पर विशेष बल दिया गया.प्रतियोगिता का पहला रोमांचक मुकाबला राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय तबेला और आरसी मध्य विद्यालय कटकाही के बीच खेला गया. इस मैच में आरसी मध्य विद्यालय कटकाही ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 05-0 के बड़े अंतर से जीत हासिल की. बालिका वर्ग में राजकीय बालिका मध्य विद्यालय ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए ट्रॉफी अपने नाम की. विजेता टीमों को शील्ड देकर सम्मानित किया गया.इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जिप सदस्य मेरी लकड़ा ने कहा, “पढ़ाई के साथ-साथ खेल में भी रुचि रखना अत्यंत आवश्यक है. खेल न केवल आपको शारीरिक रूप से स्वस्थ रखता है, बल्कि आपके और आपके स्कूल का नाम भी रोशन करता है.” उन्होंने खेल को शिक्षा का एक अभिन्न अंग बताते हुए सभी खिलाड़ियों को जिला स्तर पर खेलने के लिए प्रेरित किया.कार्यक्रम का समापन बीपीओ सतेंद्र प्रसाद ने किया. इस दौरान जिप सदस्य मेरी लकड़ा, बीपीओ सतेंद्र प्रसाद, सीआरपी, बीआरपी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया.

