अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
रांची : झारखंड की राजधानी रांची में आज एक ऐतिहासिक और ऊर्जा से भरा कार्यक्रम आयोजित हुआ। भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने तुपुदाना स्थित टेंडर हार्ट स्कूल में राज्य के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ ‘विकसित भारत-2047’ के विजन पर सीधा संवाद किया। इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी उपस्थित रहे।
सफलता का ‘ABCD’ मंत्र
नौसेना प्रमुख ने बच्चों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए चार मूल मंत्र दिए, जिसे उन्होंने ‘ABCD’ का नाम दिया:
-
A (Attitude): सकारात्मक दृष्टिकोण रखें।
-
B (Believe in Yourself): खुद पर अटूट विश्वास रखें।
-
C (Character): अपने चरित्र को उज्ज्वल बनाए रखें।
-
D (Dream): बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने का साहस जुटाएं।
उन्होंने बच्चों से बेहद सरल शब्दों में कहा कि जीवन में खुश रहने के लिए कारण खोजने की जरूरत नहीं है। यदि आप खुश रहते हैं, तो कठिन से कठिन चुनौतियां भी आसान हो जाती हैं।
सांस्कृतिक प्रस्तुति से हुए गदगद
कार्यक्रम की शुरुआत छात्रों द्वारा प्रस्तुत एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम से हुई। कलाकारों के हुनर से एडमिरल त्रिपाठी इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने पूरी टीम को दिल्ली आकर अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए आमंत्रित किया।
राष्ट्र निर्माण की आधारशिला
टेंडर हार्ट स्कूल के अध्यक्ष सुधीर तिवारी ने कहा कि विकसित भारत का भविष्य आज इन्हीं स्कूलों की कक्षाओं में आकार ले रहा है। वहीं, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने नौसेना प्रमुख के आगमन को रांची के लिए गौरव का विषय बताया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने समसामयिक विषयों पर कई तीखे और रोचक प्रश्न भी पूछे, जिनका एडमिरल ने बेहद सहजता से उत्तर दिया।
इस अवसर पर भारतीय थलसेना और नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी, टेंडर हार्ट स्कूल की प्राचार्या उषा किरण झा, निदेशक जे मोहंती, उप-प्राचार्या शिवांगी शुक्ला, कविता किरण झा समेत विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

