अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
डुमरी /गुमला राजकीय मध्य विद्यालय रातासिली के छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को एक शैक्षणिक भ्रमण के तहत डुमरी थाना का दौरा किया। इस दौरान विद्यार्थियों के साथ विद्यालय के शिक्षकगण भी उपस्थित थे। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पुलिस व्यवस्था, कानून व्यवस्था और थाना की कार्यप्रणाली की जानकारी देना था।
डुमरी थाना पहुंचने पर थाना प्रभारी अनुज कुमार एवं ASI सागर हेंब्रम ने बच्चों का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को थाना परिसर का भ्रमण कराते हुए थाने में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न विभागीय कक्षों, दस्तावेजों के रखरखाव, FIR दर्ज करने की प्रक्रिया, और पुलिस की रोजमर्रा की कार्यशैली की जानकारी दी।
थाना प्रभारी अनुज कुमार ने बच्चों को बताया कि पुलिस समाज की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्य करती है। उन्होंने बच्चों को जागरूक किया कि किसी भी आपात स्थिति या अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। साथ ही उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे समाज में अच्छे नागरिक बनें और कानून का पालन करें।
भ्रमण के अंत में थाना प्रभारी ने सभी बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनके चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास किया। बच्चों में इस भ्रमण को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि यह अनुभव उनके लिए शिक्षाप्रद और यादगार रहेगा।
विद्यालय के शिक्षकों ने थाना प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों की सोच और समझ दोनों का विकास होता है। साथ ही उनके मन से पुलिस को लेकर कोई डर नहीं रह जाता, बल्कि वे पुलिस को अपना मित्र मानते हैं।
इस शैक्षणिक भ्रमण के आयोजन से न सिर्फ बच्चों को पुलिस प्रणाली की जानकारी मिली, बल्कि समाज और कानून के प्रति उनकी जागरूकता भी बढ़ी।

