अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bihar News: जैसे-जैसे बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, सियासत का पारा भी तेजी से चढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छपरा रैली से पहले राजद नेता तेजस्वी यादव ने एनडीए पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “चाहे जितनी रैलियां कर लें, बिहार की जनता ने इस बार एनडीए सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है।”
चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल
पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी ने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि “चुनाव के बीच ही 10 लाख महिलाओं को पैसे दिए जा रहे हैं, यह सीधी रिश्वत है। बीस वर्षों में जो नहीं किया, वह अब वोट के लिए किया जा रहा है। चुनाव आयोग की नैतिकता पूरी तरह खत्म हो गई है।”
“बिहार का बेटा ही बिहार चला सकता है”
गृह मंत्री अमित शाह पर पलटवार करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, “वे बिहार से वोट चाहते हैं, लेकिन उद्योग गुजरात में लगाना चाहते हैं। अमित शाह कहते हैं कि बिहार में भूमि नहीं है, तो कारखाने क्यों नहीं लग सकते — यह सोच बिहार का अपमान है। बिहार का बेटा ही बिहार चला सकता है।”
“जनता देगी बदलाव का संदेश”
तेजस्वी ने दावा किया कि बिहार के लोग इस बार एनडीए को “सबक” सिखाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, “बिहार अब आगे बढ़ना चाहता है। मौका है नेतृत्व बदलने का। अगर एनडीए फिर लौटा, तो बिहार को पीछे ले जाएगा, इसलिए जनता बदलाव लेकर आएगी।”

