अपनी भाषा चुनेें :
गुमला/चैनपुर साप्ताहिक बाजार में गुम हुए एक शिक्षिका के मोबाइल फोन को पुलिस ने अपनी तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में ढूंढ निकाला और उन्हें वापस सौंप दिया। शिक्षिका ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया है।जानकारी के अनुसार, चैनपुर कन्या मध्य विद्यालय की प्रधानाध्यापिका तपेश्वरी बाई चैनपुर साप्ताहिक बाजार में खरीदारी करने गई थीं। इसी दौरान उनका मोबाइल फोन कहीं गुम हो गया। प्रधानाध्यापिका ने बाजार में काफी खोजबीन की, लेकिन फोन नहीं मिला।इसके बाद, तपेश्वरी बाई ने इसकी सूचना चैनपुर थाना को दी और मोबाइल गुम होने का एक लिखित आवेदन प्रस्तुत किया।आवेदन मिलते ही चैनपुर थाना की पुलिस ने बिना समय गंवाए कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस टीम ने कुछ ही घंटों के भीतर गुम हुए मोबाइल फोन का पता लगा लिया और उसे बरामद कर लिया।थाना के एएसआई नंदकिशोर कुमार एवं निर्मल राय ने संयुक्त रूप से प्रधानाध्यापिका तपेश्वरी बाई को उनका मोबाइल फोन सौंप दिया।मोबाइल वापस पाकर प्रधानाध्यापिका तपेश्वरी बाई ने चैनपुर थाना के जवानों और पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा, “मेरे मोबाइल फोन में स्कूल से संबंधित सभी महत्वपूर्ण कागजात और डेटा थे। बाजार में फोन गुम होने के बाद मैं बहुत चिंतित थी। थाना के जवानों, विशेषकर एएसआई नंदकिशोर कुमार और निर्मल राय, ने जिस तत्परता से मेरे फोन को ढूंढकर वापस दिया है, वह सराहनीय है।”

