Khunti : जिले के तोरपा मेन रोड पर रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब बिना चालक के एक टेलर करीब 200 मीटर तक सड़क पर दौड़ती रही। यह हादसा गुप्ता हार्डवेयर दुकान के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, टेलर का चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर पास की फल दुकान से सामान खरीदने गया था। इसी दौरान वाहन अचानक ढलान पर पीछे की ओर लुढ़कने लगा और तेज रफ्तार में जाकर करीब 200 मीटर दूर खड़े एक टेम्पो से जा टकराया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेम्पो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और पास में स्थित बिजली ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, सौभाग्य से इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और बिजली विभाग को सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय सड़क पर भीड़भाड़ थी, लेकिन लोगों की सतर्कता से किसी की जान नहीं गई।
तोरपा थाना पुलिस ने टेलर को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।



