India News: अभिनेता विजय की तमिलनाडु वेत्री कलागम (टीवीके) पार्टी की शनिवार को करूर में हुई रैली ने पूरे राज्य को हिला दिया। “वेलिचम वेलियेरु” नामक चुनावी सभा में अचानक भगदड़ मच गई। हादसे में 39 लोगों की मौत हो गई और 95 लोग अलग-अलग अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।

रैली के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं, जिनमें दिखता है कि लोग अपनी जान बचाने के लिए किस तरह इधर-उधर भागे। घटनास्थल के पास बनी एक झोपड़ी में भीड़ घुस गई, लेकिन जब वह भी भर गई तो, लोग छप्पर फाड़कर बाहर निकलने लगे। महिलाएं और बच्चे बिलखते, चीखते, मदद की गुहार लगाते नज़र आए। पूरे इलाके में अफरातफरी का आलम था।

भीड़ और इंतजार ने बढ़ाई मुश्किल

तमिलनाडु के डीजीपी जी वेंकटरमन ने हादसे की पूरी जानकारी साझा करते हुए बताया कि टीवीके पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर घोषणा की गई थी कि विजय दोपहर 12 बजे सभा स्थल पर पहुंचेंगे। इसी वजह से लोग सुबह 11 बजे से ही जमा हो गए, लेकिन विजय शाम 7.40 बजे पहुंचे। तपती धूप में लोगों के लिए भोजन-पानी का पर्याप्त इंतजाम नहीं था। आयोजकों ने दोपहर 3 से रात 10 बजे तक रैली की अनुमति मांगी थी, लेकिन बड़ी संख्या में लोग निर्धारित समय से बहुत पहले आ गए।

अपेक्षा से तीन गुना अधिक भीड़

डीजीपी ने बताया कि आयोजकों ने अनुमान लगाया था कि लगभग 10,000 लोग कार्यक्रम में भाग लेंगे। लेकिन विजय के फैन और भीड़ की उत्सुकता के चलते लगभग 27,000 लोग पहुंच गए। पुलिस ने अनुमानित 20,000 लोगों के लिए सुरक्षा व्यवस्था की थी, मगर वास्तविक संख्या अधिक थी, जिससे व्यवस्थाएं चरमरा गईं। विजय की एक झलक पाने की होड़ में काफी संख्या में लोग आगे बढ़ने लगे और भगदड़ की स्थिति बन गई।

जांच और प्रशासनिक कदम

हादसे के बाद सरकार ने जांच आयोग का गठन किया है, जिसमें हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त जज अध्यक्ष होंगे। डीजीपी ने बताया कि आयोजकों को पहले ही सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के बारे में जानकारी दी गई थी। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए वैसे ही उपलब्ध नहीं थी। प्रशासन ने तुरंत बड़े स्तर पर राहत कार्य चलाया और घायलों को अस्पताल भेजा।

हादसे के बाद करूर में 2000 पुलिसकर्मी, नौ वरिष्ठ अधिकारी और कई पुलिस बड़े अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। वहीं चेन्नई स्थित अभिनेता विजय के घर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है ताकि किसी अप्रिय घटना को रोक सकें।

शोक और राजनीतिक प्रतिक्रिया

रैली में महिलाओं के रोने-बिलखने के वीडियो वायरल हो रहे हैं। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे देश को झकझोर रख दिया है। प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति समेत कई नेताओं ने घटना पर शोक प्रकट किया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

इस खबर को भी पढ़ें: तमिलनाडु रैली भगदड़: 39 की मौ’त, 50 से ज्यादा घायल, ..जानें अबतक क्या-क्या हुआ?

Share.
Exit mobile version