Entertainment News: बॉलीवुड एक्ट्रेस सनी लियोनी ने अपने मां बनने के सफर को लेकर बड़ा खुलासा किया है। हाल ही में सोहा अली खान के पॉडकास्ट में सनी ने सरोगेसी और अडॉप्शन से जुड़ा अनुभव साझा किया।
सनी तीन बच्चों की मां हैं। 2017 में उन्होंने बेटी निशा को गोद लिया था। इसके अगले ही साल 2018 में जुड़वां बेटे एशर और नोहा सरोगेसी के जरिए इस दुनिया में आए। सनी ने बताया कि उन्होंने और उनके पति डेनियल वेबर ने पहले अडॉप्शन का फैसला किया था। उसी दिन जब उन्होंने बच्चा गोद लेने का आवेदन किया, तभी उनका आईवीएफ प्रोसेस भी शुरू हो गया।
सोहा ने जब पूछा कि उन्होंने सरोगेसी क्यों चुनी, तो सनी ने साफ कहा कि वह खुद प्रेग्नेंसी नहीं चाहती थीं। सरोगेसी के खर्च पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि सरोगेट मां को हर हफ्ते एक तय रकम दी जाती थी। इतना ही नहीं, उसके पति को छुट्टियों के लिए पैसे मिलते थे और परिवार की कई जरूरतों को पूरा किया गया।
सनी ने गर्व से बताया कि, “हमने इतना दिया कि उसने अपना घर खरीदा और उसकी खूबसूरत शादी भी हुई।” उनकी यह संवेदनशीलता और ईमानदारी सोशल मीडिया पर काफी सराही जा रही है।
सनी और डेनियल की यह कहानी कई लोगों के लिए प्रेरणा है। वे मानते हैं कि मां-बाप बनने का सफर सिर्फ खून का रिश्ता नहीं, बल्कि दिल से जुड़ा होता है।



