India News: छत्तीसगढ़ के सुकमा और बीजापुर जिले की सीमा पर स्थित तुमरेल के घने जंगलों में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक नक्सली को मार गिराया है। वहीं, इलाके में अब भी गोलीबारी रुक-रुक कर जारी है।
सुकमा के एडिशनल एसपी उमेश गुप्ता ने बताया कि सुकमा डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड), एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) और कोबरा बटालियन की संयुक्त पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान जंगल में छिपे नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
हमले के बाद सुरक्षाबलों ने भी तुरंत मोर्चा संभालते हुए नक्सलियों को चारों ओर से घेर लिया। जवाबी कार्रवाई में एक नक्सली मारा गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इलाके में और भी नक्सलियों के छिपे होने की आशंका है और हो सकता है कि मुठभेड़ में कुछ और नक्सली हताहत हुए हों। हालांकि इसकी पुष्टि मुठभेड़ खत्म होने के बाद ही हो पाएगी।
बताया जा रहा है कि सुरक्षा बल धीरे-धीरे इलाके की घेरेबंदी मजबूत कर रहे हैं और आगे की स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। जंगल की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जवान पूरे संयम और रणनीति के साथ ऑपरेशन को अंजाम दे रहे हैं। फिलहाल, किसी भी तरह के नागरिक नुकसान की खबर नहीं है। मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों को कुछ हथियार और संदिग्ध सामग्री भी बरामद हुई है, जिनकी जांच की जा रही है। छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में लगातार चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों से नक्सली संगठन दबाव में हैं और बौखलाहट में इस तरह की कार्रवाइयों को अंजाम दे रहे हैं।



