अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
चैनपुर में सोमवार को राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत प्रखंड स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी और क्विज प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम अनुमंडल पुस्तकालय परिसर में आयोजित हुआ, जहां कक्षा 6 से 8 तक के छात्र-छात्राओं ने अपनी वैज्ञानिक सोच और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के 22 मध्य एवं उच्च विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विज्ञान प्रदर्शनी में छात्रों ने विभिन्न मॉडल प्रस्तुत किए, जिनमें भविष्य की तकनीक, पर्यावरण संरक्षण और दैनिक जीवन से जुड़े नवाचारों की झलक देखने को मिली। खास बात यह रही कि छात्राओं ने अपने उत्कृष्ट मॉडलों से निर्णायकों को प्रभावित करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।
प्रदर्शनी में प्रथम स्थान संत अन्ना बालिका उच्च विद्यालय, द्वितीय स्थान संत अन्ना बालिका मध्य विद्यालय, चैनपुर और तृतीय स्थान झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय के छात्रों को मिला।
वहीं, दूसरे चरण में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में भी छात्रों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। सामान्य ज्ञान और विज्ञान से जुड़े कठिन सवालों के बीच प्रतिभागियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया। क्विज में राजकीय बालक मध्य विद्यालय, चैनपुर के यश पाठक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शगुफी प्रवीण दूसरे और अनुष्का टोप्पो तीसरे स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना और उनकी तार्किक क्षमता को विकसित करना है। अंत में विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

