Sonuwa news: गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोनुवा प्रखंड के महुलडीहा हाई स्कूल मैदान में आयोजित दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी उपस्थित रहीं। आयोजन समिति नव युवक संघ महुलडीहा के पदाधिकारियों ने फूलों का गुलदस्ता देकर सांसद का स्वागत किया।

प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण बम ब्लास्ट प्रतियोगिता रहा, जिसमें सांसद जोबा माझी ने गांव की महिलाओं के साथ भाग लिया। इसके अलावा बच्चों, युवाओं और महिलाओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को सांसद के हाथों पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि पर्व-त्योहार के मौके पर आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताएं लोगों को एक सूत्र में बांधती हैं। इससे आपसी सौहार्द और भाईचारा बढ़ता है, साथ ही ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भालुरूँगी पंचायत की मुखिया मनीला जामुदा और पूर्व मुखिया फूलचंद जामुदा उपस्थित रहे। प्रतियोगिता को सफल बनाने में डॉक्टर महतो, सुंदरलाल महतो, ऋषिकेश महतो, मोहम्मद सरफुद्दीन, कमलेश्वर महतो, रविंद्र महतो, सत्यनारायण महतो सहित अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

खेलकूद प्रतियोगिता देखने के लिए आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

Share.
Exit mobile version