अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
चैनपुर: भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा चलाए जा रहे “धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान” के तहत शुक्रवार को चैनपुर प्रखंड के छीछवानी गाँव में एक विशेष जागरूकता एवं लाभ संतृप्ति शिविर का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनजातीय बहुल गांवों में रहने वाले वंचित जनजातीय परिवारों की पहचान करना और उन्हें केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाकर उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है।गुमला जिले में यह महत्वपूर्ण अभियान उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। इसी क्रम में छीछवानी में आयोजित शिविर में जनजातीय समुदाय के लोगों को कई महत्वपूर्ण योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, गरीब कल्याण अन्न योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि, जनधन योजना, वृद्धावस्था पेंशन, सुकन्या समृद्धि योजना, मातृ वंदना योजना, विश्वकर्मा योजना, सिकल सेल मिशन, नेशनल डायलिसिस कार्यक्रम, और राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन मिशन की विस्तृत जानकारी दी गई।शिविर में योजनाओं के लिए मौके पर ही आवेदन लिए गए और कई पात्र लाभुकों को तुरंत योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, बीडीओ यादव बैठा, तथा स्वास्थ्य, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। उन्होंने ग्रामीणों को योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया और आवेदन प्रक्रिया में सहयोग भी किया।यह अभियान जिले के जनजातीय समाज को जागरूक करने और सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित परिवारों तक पहुँचने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। छीछवानी शिविर में ग्रामीणों की बड़ी संख्या में भागीदारी ने इस अभियान की सफलता को प्रदर्शित किया, जो जनजातीय समुदायों के सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।

