Bihar News: कटिहार जिले की कुर्सेला थाना पुलिस ने रविवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए पशु तस्करी के एक गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 9 मवेशियों को बरामद किया और चार तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, कुर्सेला थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि एनएच-81 के रास्ते एक पिकअप वाहन से मवेशियों का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कुर्सेला चेकपोस्ट के पास नाकाबंदी की। इस दौरान जैसे ही संदिग्ध पिकअप वाहन पुलिस को देखकर भागने लगा, उसे पीछा कर रोक लिया गया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें क्रूरतापूर्वक भरे गए 9 मवेशी मिले। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों की पहचान भागलपुर जिले के रंगरा थाना क्षेत्र के सधवा रंगरा गांव निवासी मोहम्मद फिरोज, मोहम्मद हसीम, पंकज कुमार सिंह और रविंद्र साह के रूप में हुई है। पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर चारों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल सभी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा हो सके।

Share.
Exit mobile version