Bihar News: भागलपुर में बुधवार को गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) के जवानों ने समान काम-समान वेतन की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह कंबाइंड बिल्डिंग गेट से निकला विरोध जुलूस मनाली चौक, तिलकामांझी चौक और सैंडिस कंपाउंड होते हुए समाहरणालय गेट पर पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद जवानों ने “हमारी मांगे पूरी करो”, “समान वेतन दो” और “सरकार होश में आओ” जैसे नारे लगाए।

प्रदर्शन कर रहे जवानों का कहना है कि वे चुनाव ड्यूटी, वीआईपी सुरक्षा और आपदा प्रबंधन जैसे अहम मोर्चों पर हमेशा तैनात रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें न तो उचित वेतन मिलता है और न ही बुनियादी सुविधाएं। जवानों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द ही उनकी मांगों पर विचार नहीं किया तो आंदोलन और भी उग्र किया जाएगा।

इससे पहले बिहार रक्षा वाहिनी स्वयंसेवक संघ के बैनर तले सैंडिस कंपाउंड मैदान में बैठक आयोजित की गई थी। बैठक की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष अखिलेश्वर प्रसाद यादव ने की थी। उन्होंने कहा कि गृह रक्षकों की मांग पूरी तरह जायज है और सरकार का रवैया अब बर्दाश्त के बाहर हो चुका है। वहीं विभाग प्रसाद झा सचिन ने कहा कि सरकार हर मौके पर होमगार्ड का इस्तेमाल करती है, लेकिन जब हक और अधिकार देने की बारी आती है तो टालमटोल करने लगती है। उन्होंने कहा कि यह अन्याय अब और नहीं सहा जाएगा।

Share.
Exit mobile version