Bihar News: बिहार पुलिस अपराध पर नकेल कसने के लिए लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में, सीतामढ़ी जिले के बेलसंड थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात पुलिस और एक वांछित अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें अपराधी गोली लगने से घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार की मध्यरात्रि, विशेष कार्य बल (STF) बिहार और सीतामढ़ी जिला पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के मुताबिक, कुख्यात अपराधी शांतनु कुमार बेलसंड थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम चंदौली बस स्टैंड के पास मौजूद था।
फायरिंग के जवाब में पुलिस ने दागी गोली, मुजफ्फरपुर रेफर
इसी गुप्त सूचना के आधार पर, एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने तुरंत उस स्थान की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू की। पुलिस को देखते ही वांछित अपराधी शांतनु कुमार ने पुलिस बल पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जिससे शांतनु कुमार घायल हो गया।
पुलिस ने तत्काल घायल अपराधी को हिरासत में लिया और उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल और तीन खोखे बरामद किए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि शांतनु पर बेलसंड थाना क्षेत्र में एक पुजारी की हत्या कर मूर्ति चोरी करने, रवि सिंह की हत्या सहित हत्या, डकैती और आर्म्स एक्ट के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस पिछले कई महीनों से उसकी तलाश कर रही थी।



