Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिले के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीडीह निराला पथ में सोमवार देर रात एक घरेलू विवाद ने पूरे इलाके में तनाव फैला दिया। मामला तीसरी शादी और धर्म परिवर्तन से जुड़ा होने के कारण यह विवाद देखते ही देखते हंगामे में बदल गया।

जानकारी के अनुसार, एक महिला की शादी साल 2012 में कालू बागान निवासी एक मुस्लिम युवक से हुई थी। महिला का आरोप है कि उसने शादी के समय साफ कह दिया था कि वह धर्म परिवर्तन नहीं करेगी और न ही प्रतिबंधित मांस का सेवन करेगी। लेकिन बाद में उसे पता चला कि पति पहले से दो शादियां कर चुका है। इसके बावजूद उसने रिश्ता निभाने की कोशिश की, लेकिन मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर करीब एक हफ्ते पहले मायके लौट आई थी।

सोमवार देर रात पति अपनी मां और पहली पत्नी के बेटे के साथ महिला के मायके पहुंचा और जबरन उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगा। महिला के विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई और मामला बस्ती में हंगामे का रूप ले लिया। स्थानीय लोग महिला के समर्थन में एकजुट हो गए और स्थिति और बिगड़ गई। इस बीच एक धार्मिक संगठन के सदस्य भी वहां पहुंच गए, जिससे तनाव और बढ़ गया।

सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में किया। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया और एहतियातन इलाके में क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) को तैनात किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की लिखित शिकायत मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की सतर्कता से इलाके में शांति बनी हुई है।

Share.
Exit mobile version