Bihar News: सारण जिले में पुलिस विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए डोरीगंज थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभागीय जांच में यह पाया गया कि वे न केवल ड्यूटी से गायब रहे, बल्कि एक व्यक्ति से अवैध पैसे की मांग करने में भी शामिल थे।
ड्यूटी से गायब, मोबाइल भी बंद
अमित कुमार ने 12 नवंबर को 10 दिन के आकस्मिक अवकाश के लिए आवेदन दिया था, लेकिन अवकाश स्वीकृत नहीं हुआ। इसके बावजूद वे 17 नवंबर से बिना सूचना दिए गायब हैं। उनका मोबाइल फोन भी लगातार बंद मिला। इस मामले में डोरीगंज थाना में सनहा दर्ज किया गया है और पुलिस कई दिनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही थी।
रिश्वत मांगने का आरोप साबित
मुसेपुर निवासी बबलू कुमार यादव ने गंभीर आरोप लगाया कि अमित कुमार ने उनके एक मामले को निपटाने के बदले 50,000 रुपये की रिश्वत मांगी और दबाव भी बनाया। शिकायत निगरानी विभाग तक पहुंची और 4 नवंबर को हुई सत्यापन जांच में यह आरोप सही पाए गए। इसके बाद निगरानी थाना कांड संख्या 96/25 दर्ज की गई।
जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई
सारण पुलिस मुख्यालय द्वारा निगरानी जांच और जिला पुलिस के प्रतिवेदन को आधार मानते हुए एसआई अमित कुमार को 17 नवंबर से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उन्हें केवल सामान्य जीवन-यापन भत्ता मिलेगा। साथ ही, उन्हें सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश भी दिया गया है।
सारण पुलिस का कहना है कि विभाग अनुशासन और ईमानदारी पर चलता है, और इस तरह की घटनाएं उसकी छवि को नुकसान पहुंचाती हैं। इसलिए किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



