Bihar News: बाबा बैद्यनाथधाम में श्रावणी मेला के दौरान जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक अच्छी खबर है। रेलवे ने रक्सौल से देवघर तक विशेष ट्रेन सेवा शुरू करने का ऐलान किया है। यह स्पेशल ट्रेन 13 जुलाई से 8 अगस्त तक सप्ताह में तीन दिन चलेगी, जिससे श्रद्धालुओं को सफर में बड़ी राहत मिलेगी।
पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि गाड़ी संख्या 05545/05546 रक्सौल-देवघर-रक्सौल श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को चलाई जाएगी। रक्सौल से यह ट्रेन सुबह 5:15 बजे रवाना होकर सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बरौनी, मोकामा, किउल, जमालपुर और भागलपुर होते हुए शाम 4:50 बजे देवघर पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 05546 देवघर से इन्हीं दिनों शाम 5:50 बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह 6:00 बजे रक्सौल पहुंचेगी। इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है।
रेलवे प्रशासन ने यह भी बताया कि श्रावणी मेला के दौरान हावड़ा-रक्सौल मिथिला एक्सप्रेस (गाड़ी सं. 13021/13022) में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एक अतिरिक्त सामान्य कोच जोड़ा जाएगा।
रेलवे ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करें और रेलवे की सुविधाओं का जिम्मेदारी से उपयोग करें।



