अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Bollywood News: अभिनेत्री शेफाली जरीवाला की अचानक मौत ने पूरे फिल्म और टीवी जगत को स्तब्ध कर दिया था। 27 जून की रात उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अब इस केस में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है, जिसने मौत की वजहों को और स्पष्ट कर दिया है।
हार्ट अटैक और ब्लड प्रेशर गिरना बनी मौत की वजह
प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, शेफाली की मौत का कारण हार्ट अटैक और ब्लड प्रेशर का अचानक गिरना रहा। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन घर में एक धार्मिक पूजा का आयोजन था, जिसमें शेफाली पूरे दिन व्रत पर थीं। दिनभर खाली पेट रहने और शरीर में पानी की कमी होने की वजह से उनका ब्लड प्रेशर गिरा, जिससे उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया।
घटना की रात क्या हुआ?
परिवार के अनुसार, शेफाली रात को जब पूजा के बाद खाना खाने बैठीं, तभी अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं। उन्हें तुरंत पास के बेलेव्यू अस्पताल ले जाया गया, जहां पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के वक्त उनके पति पराग त्यागी, मां और कुछ करीबी रिश्तेदार घर पर मौजूद थे।
एंटी-एजिंग इंजेक्शन पर भी सवाल
पुलिस की जांच में पता चला है कि शेफाली ने उस रात भी एंटी-एजिंग ट्रीटमेंट के तहत एक इंजेक्शन लिया था। सूत्रों की मानें तो यह इंजेक्शन वह पिछले कई वर्षों से नियमित रूप से ले रही थीं। यह दवाएं उन्हें एक डॉक्टर की सलाह पर दी गई थीं। फॉरेंसिक टीम ने उनके घर से जो दवाएं जब्त की हैं, उनमें एंटी-एजिंग वायल्स, विटामिन सप्लीमेंट्स, और गैस से जुड़ी दवाएं शामिल हैं।
पुलिस जांच में क्या-क्या सामने आया?
अब तक पुलिस ने इस केस में 8 लोगों के बयान दर्ज किए हैं। इसमें उनके पति, परिवार के अन्य सदस्य, घरेलू नौकर और अस्पताल के डॉक्टर शामिल हैं। जांच में अब तक किसी भी तरह के विवाद, मारपीट या घरेलू झगड़े के संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, पुलिस अब भी हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि शेफाली को लंबे समय से एंटी-एजिंग थैरेपी दी जा रही थी, और यह देखा जाना बाकी है कि इन दवाओं का कोई दुष्प्रभाव उनकी मौत में भूमिका निभा सकता है या नहीं।
पराग त्यागी का बयान और परिवार की स्थिति
मृतका के पति और टीवी अभिनेता पराग त्यागी ने अब तक मीडिया से कोई औपचारिक बात नहीं की है। सूत्रों के मुताबिक, वे पूरी तरह से टूट चुके हैं और परिवार इस दुखद घटना को लेकर गहरे सदमे में है। पुलिस ने उन्हें फिलहाल कोई नोटिस नहीं भेजा है, लेकिन वह जांच में सहयोग कर रहे हैं।
इस खबर को भी पढ़ें: सोशल मीडिया पर शेफाली जरीवाला की आई मौत की खबर, लोग बोले ये जांच क्यों हो रही है
इस खबर को भी पढ़ें: शेफाली जरीवाला के निधन से सेलेब्स हुए आहत, मीका बोले- यकीन नहीं हो रहा

